गोपालगंज में पुलिस का बड़ा प्रहार: 15 आर्केस्ट्रा ठिकानों पर छापा, 40 नाबालिग लड़कियां मुक्त

गोपालगंज: जिले के कुचायकोट थानाक्षेत्र में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए, 15 आर्केस्ट्रा समूहों के चंगुल से 40 से अधिक नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है।
रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक चले इस संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस ने मानव तस्करी और शोषण के आरोप में, 22 संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया है। बिहार पुलिस मुख्यालय, एडीजी (कमजोर वर्ग) अमित जैन और एसपी विनय तिवारी की देखरेख में चलाए गए इस अभियान में, ‘एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन’ और ‘नारायणी सेवा संस्थान’ ने भी सहयोग किया।
मुक्त कराई गई बच्चियों की उम्र 10 से 17 साल के बीच है, जिन्हें पश्चिम बंगाल, असम, दिल्ली और पंजाब जैसे राज्यों से झांसा देकर लाया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि इन लड़कियों को भोजपुरी फिल्मों में काम दिलाने या बेहतर जिंदगी का लालच देकर तस्करी के जरिए यहां लाया गया और उनसे अश्लील नृत्य व शारीरिक शोषण करवाया जा रहा था। फिलहाल सभी बच्चियों को सुरक्षित स्थान पर भेजकर काउंसलिंग की जा रही है।



