क्राईम

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, विदेशी शराब और हथियार के साथ दिखा वार्ड सदस्य व शराब माफिया का एकलौता पुत्र

समस्तीपुर। जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है। वायरल हो रहा यह वीडियो कथित तौर पर करीब दो माह पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह वीडियो इंस्टाग्राम पर वीडियो चैटिंग के दौरान बनाया गया था, जिसे अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

वायरल वीडियो में कुछ युवक कथित रूप से अवैध विदेशी शराब की बोतलों और हथियारों के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवकों द्वारा पिस्टल का प्रदर्शन करते हुए खुद को प्रभावशाली साबित करने की कोशिश की जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि वीडियो में एक किशोरी भी पिस्टल के साथ नजर आ रही है, जिससे लोगों के बीच चिंता और बढ़ गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में दावा किया जा रहा है कि इसमें दिख रहा मुख्य युवक उजियारपुर थाना क्षेत्र के लखनीपुर महेशपट्टी वार्ड संख्या-12 निवासी हरेंद्र सहनी उर्फ छोटू सहनी का पुत्र जितेन्द्र कुमार है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी प्रशासनिक स्तर पर नहीं की गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों और शराब के खुले प्रदर्शन से युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कानून जानकारों का कहना है कि यदि वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार अवैध पाए जाते हैं, या सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई है, तो संबंधित व्यक्तियों पर आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई हो सकती है। वहीं, अवैध विदेशी शराब के प्रदर्शन और उपयोग की पुष्टि होने पर उत्पाद अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया जा सकता है।

इधर, सूत्रों के अनुसार पुलिस प्रशासन वायरल वीडियो की जांच में जुट गया है। तकनीकी टीम वीडियो की सत्यता, लोकेशन और उसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर युवाओं में हथियारों और नशे के प्रदर्शन की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश कब और कैसे लगेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button