मधुबनी में अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या, शव कोशी नहर किनारे मिला

मधुबनी। जिले के अरेर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या कर शव फेंक देने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार (10 मार्च 2026) सुबह करीब 08 बजे अरेर थाना क्षेत्र के पार्जुआर पंचायत अंतर्गत दहिला और जेठियानी गांव के बीच कोशी नहर के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही अरेर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच और घटनास्थल की स्थिति से यह स्पष्ट हुआ कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न माध्यमों से मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। वहीं डॉग स्क्वायड और जिला सूचना इकाई (DIU) की टीम भी तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के पुलिस अधीक्षक ने मृतक की पहचान और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए बेनीपट्टी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस इस हत्याकांड के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।






