भूमाफिया ने युवक का अपहरण कर 20 लाख की जमीन 1 लाख में करायी रजिस्ट्री! परेशान युवक ने दे दी जान

समस्तीपुर/मुसरीघरारी। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाट वासेपुरा गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां जमीन के पैसे के लेन-देन में कथित धोखाधड़ी से परेशान होकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनोज ठाकुर के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज ठाकुर ने अपनी करीब 15 से 20 लाख रुपये मूल्य की जमीन को अखिलेश मिश्रा के पुत्र आशुतोष कुमार के नाम पर रजिस्ट्री कर दी थी। आरोप है कि जमीन की पूरी कीमत चुकाने के बजाय खरीदार पक्ष द्वारा मात्र डेढ़ लाख रुपये ही दिए गए। इसके बाद शेष राशि देने के बजाय लगातार जमीन पर कब्जा कराने का दबाव बनाया जा रहा था।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि पैसे के भारी नुकसान और लगातार मिल रही जान मारने की धमकियों के कारण मनोज ठाकुर गहरे मानसिक तनाव में आ गए थे। इसी तनाव में आकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया, और अपनी ईहलीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंच मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले की छानबीन में जुट गयी है। मुसरीघरारी पुलिस के अनुसार मामले में खुदकुशी के लिए उकसाने (अबेटमेंट) और धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।



