उधार के पैसे, लालच और साजिश… ससुर ने ही रच दी दामाद की हत्या की कहानी

बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर अपनी मेहनत और लगन से जिंदगी संवारने वाले एक होनहार युवक की कहानी आखिरकार एक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि समाज में पनप रहे लालच और नैतिक पतन की भी सच्चाई बयां करती है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर
गरीब परिवार में जन्मे इस युवक ने अभावों के बीच भी पढ़ाई को अपना हथियार बनाया। पिता मजदूरी कर किसी तरह बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाते रहे। मेहनत रंग लाई और युवक ने ग्रेजुएशन पूरा किया। आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए उसने गांव के पास ही एक कोचिंग सेंटर खोल लिया, जहां उसकी अच्छी पढ़ाई के कारण बच्चों की संख्या लगातार बढ़ती गई।
एक घटना जिसने बदल दी दिशा
इसी दौरान कोचिंग में पढ़ने वाली एक लड़की की गलतफहमी ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। लड़की के भाई ने युवक पर गोली चला दी। हालांकि किस्मत ने साथ दिया और युवक बाल-बाल बच गया गोली उसकी कोहनी को छूकर निकल गई।
शादी और विवाद
कुछ समय बाद युवक की शादी हुई, लेकिन पत्नी को लेकर असंतोष के कारण उसने रिश्ता तोड़ दिया। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद उसने उस शादी को स्वीकार नहीं किया।
नौकरी और नई साजिश की शुरुआत
समय बीता और युवक को सरकारी नौकरी मिल गई। इसी बीच एक लालची व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी। उसने अपनी नाबालिग बेटी की शादी उस युवक से कर दी। यह शादी ही आगे चलकर एक खतरनाक साजिश की नींव बन गई।
ससुर की राजनीति और कर्ज
युवक का ससुर खुद को बड़ा समाजसेवी और नेता मानता था, लेकिन चुनावों में उसे लगातार हार का सामना करना पड़ता रहा। एक चुनाव में दामाद ने ही उसे 5 से 7 लाख रुपये उधार दिए।
चुनाव हारने के बाद जब युवक ने अपने पैसे वापस मांगे, तो ससुर टालमटोल करने लगा। लगातार दबाव बढ़ने पर उसने कुछ पैसे लौटाए, लेकिन बाकी रकम देने में आनाकानी करता रहा।
लालच में अंधा हुआ ससुर
यहीं से साजिश ने जन्म लिया। आरोप है कि ससुर ने अपने ही दामाद को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। उसका मकसद था! दामाद की हत्या कर बेटी को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिलाना और उसके पैसे पर ऐश करना।
एक खौफनाक अंजाम
आखिरकार लालच ने रिश्तों को भी शर्मसार कर दिया। जिस व्यक्ति को परिवार का हिस्सा माना जाता है, उसी ने अपने दामाद की हत्या की साजिश रच डाली।
समाज के लिए सवाल
यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है! क्या लालच इतना बड़ा हो सकता है कि इंसान रिश्तों की भी हत्या कर दे? क्या राजनीति की असफलता किसी को अपराध की ओर धकेल सकती है ? और सबसे बड़ा सवाल- क्या समाज में ऐसे मामलों को रोकने के लिए हमारी व्यवस्था पर्याप्त है? यह कहानी सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि उस सोच का आईना है, जहां लालच, महत्वाकांक्षा और स्वार्थ इंसानियत पर भारी पड़ जाते हैं।
सत्य घटना पर आधारित इस कहानी की दुसरी कड़ी शनिवार 25 अप्रैल को प्रकाशित की जाएगी।



