भ्रष्टाचार

नालंदा में रिश्वत लेते संसाधन शिक्षक गिरफ्तार, निगरानी टीम की कार्रवाई

नालंदा: जिले के चंडी प्रखंड में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए, एक संसाधन शिक्षक को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने, सोमवार 16 मार्च को निगरानी थाना कांड संख्या 19/26, के तहत कार्रवाई करते हुए, चंडी प्रखंड के प्रखंड संसाधन शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को 17 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय से की गयी।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के चंडी थाना अंतर्गत मुबारकपुर निवासी, नागेन्द्र प्रसाद के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना में यह शिकायत दर्ज कराई थी कि, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी अंतर वेतन और वार्षिक वेतन वृद्धि के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग कर रही थीं।

निगरानी ब्यूरो द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए, पुलिस उपाधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया। इसी दौरान धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी ने रिश्वत की राशि स्वयं ना लेकर, संसाधन शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को देने के लिए कहा है। जिसके बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाकर मनोज कुमार वर्मा को 17 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button