वार्ड पार्षदों के अनिश्चितकालीन अनशन आंदोलन का भाकपा माले करेगी सक्रिय समर्थन-सुरेंद्र प्रसाद सिंह

समस्तीपुर। भाकपा-माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने, आवास योजनाओं में अवैध वसूली, विश्राम कक्ष पर बेतहाशा सरकारी राजस्व खर्च करने, वार्ड पार्षदों एवं एमटीएस-सफाई कर्मियों से दुर्व्यवहार के खिलाफ नगर पार्षदों द्वारा, नगर परिषद कार्यालय पर 27 जनवरी से शुरू किए जाने वाले अनिश्चितकालीन आमरण अनशन आंदोलन को समर्थन करने की घोषणा की है।

उक्त जानकारी श्री सिंह ने सोमवार 26 जनवरी को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दिया। जारी की गयी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा है कि, नगर परिषद में विगत 6 महीने से एक भी विकास योजना संचालित होते हुए नहीं देखा जा रहा है। आवास योजनाओं में पात्र को कुपात्र एवं कुपात्र को पात्र बनाकर भारी अनियमितता- घूसखोरी की बात सामने आ रही है।
5 लाख रूपये खर्च किये जाने वाला विश्राम कक्ष पर 25 लाख सरकारी राजस्व खर्च किया जा रहा है। योजना के बारे में जानकारी मांगने से वार्ड पार्षद समेत एमटीएस एवं सफाई कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
यह कार्यपालक पदाधिकारी का मनमानीपूर्ण एवं तानाशाही रवैया है, और इसके खिलाफ वार्ड पार्षदों के आंदोलनों के साथ भाकपा माले समस्यामुक्त, विकसित एवं खुशहाल ताजपुर बनाने के अपने लक्ष्य को लेकर खड़ा रहेगी।






